हैदराबाद में एसीडब्ल्यूजी सम्मेलन, अपराधियों की सीमा पार आवाजाही रोकने के लिए अधिक सहयोग का आह्वान

युगवार्ता    04-Aug-2026
Total Views |
हैदराबाद में ब्रिक्स की दो दिवसीय बैठक शुरू


हैदराबाद, 04 अगस्त (हि.स.)। ब्रिक्स भ्रष्टाचार विरोधी कार्यसमूह (एसीडब्ल्यूजी) का दो दिवसीय सम्मेलन मंगलवार को यहां शुरू हुआ। इस बैठक में संपत्ति की रिकवरी पर ब्रिक्स एक्सपर्ट नेटवर्क की दूसरी बैठक भी शामिल है।

उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि रहीं भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव रचना शाह ने प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए भगोड़े अपराधियों का पता लगाने, प्रत्यर्पण में सहायता करने, चोरी की गई संपत्तियों को वापस पाने और अपराधियों तथा अवैध धन की सीमा पार आवाजाही को सक्षम बनाने वाली रास्तों (लूपहोल्स) को पूरी तरह बंद करने के लिए और अधिक मजबूत सहयोग का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार सतत और समावेशी विकास के लिए बड़ी बाधा है। कोई भी देश भ्रष्टाचार की चुनौती से अछूता नहीं है और कोई भी देश अकेले इससे पार नहीं पा सकता। उन्होंने अवैध वित्तीय प्रवाह रोकने, सार्वजनिक संसाधनों की रक्षा और अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी ढांचे को मजबूत करने के लिए सामूहिक, समन्वित और निरंतर अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान किया।

इस दो दिवसीय कार्यक्रम में भ्रष्टाचार के लिए वांछित भगोड़े अपराधियों का पता लगाने और प्रत्यर्पण में सहायता के लिए अनौपचारिक सहयोग पर ब्रिक्स रिपॉजिटरी, ब्रिक्स लॉ एनफोर्समेंट प्रैक्टिशनर्स नेटवर्क और संपत्ति रिकवरी पर ब्रिक्स एक्सपर्ट नेटवर्क की दूसरी बैठक पर विचार-विमर्श शामिल है।

यह बैठक इस वर्ष जून में आयोजित पहली आभासी सीडीडब्ल्यूजी बैठक के बाद हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags