डीपीएल 2026: मोनू शुक्ला की तूफानी पारी, सुपर ओवर में वॉरियर्स ने टाइगर्स को हराया

04 Aug 2026 23:22:53
आउटर दिल्ली वारियर्स की जीत के नायक मोनू शुक्ला


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में सोमवार को सीजन का पहला सुपर ओवर देखने को मिला, जहां अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को हराकर यादगार जीत दर्ज की। इस जीत के नायक मोनू शुक्ला रहे, जिन्होंने नियमित पारी और सुपर ओवर दोनों में आक्रामक बल्लेबाजी की।

बारिश के कारण मुकाबला 15-15 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स ने पांच विकेट पर 156 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान हिम्मत सिंह और लक्ष्य थरेजा ने तीसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

हिम्मत सिंह ने 25 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल रहे। वहीं, लक्ष्य थरेजा 41 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाकर लौटे। आउटर दिल्ली वॉरियर्स की ओर से सिद्धांत शर्मा ने तीन ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉरियर्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम 80 रन पर पांच विकेट गंवाकर दबाव में आ गई। इसी बीच मोनू शुक्ला ने मात्र 17 गेंदों में 45 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

आखिरी ओवर में वॉरियर्स को नौ रन की जरूरत थी। मुकाबला अंतिम गेंद तक पहुंचा, जहां जीत के लिए एक रन चाहिए था। इस दौरान मिड-ऑफ पर फील्डिंग कर रहे हिम्मत सिंह से गेंद संभालने में चूक हुई, लेकिन गेंद गैर-स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स से टकरा गई और बल्लेबाज क्रीज से बाहर पाए जाने पर रनआउट हो गया। इस नाटकीय घटनाक्रम के बाद मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।

सुपर ओवर में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 20 रन बनाए, जिसमें मोनू शुक्ला ने फिर तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए अहम योगदान दिया।

21 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत शानदार रही और हिम्मत सिंह ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। हालांकि अगली गेंद पर उनका विकेट गिर गया। इसके बाद अगले ही गेंद पर हृतिक शोकीन भी आउट हो गए और टाइगर्स की पारी समाप्त हो गई। इस तरह आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने डीपीएल 2026 के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक में सुपर ओवर के जरिए शानदार जीत अपने नाम की।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0