लाल सागर में भारतीय जहाज पर हमले की भारत ने की कड़ी निंदा

04 Aug 2026 23:39:53

नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार ने यमन के तट के निकट लाल सागर में भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक पोत एमएसवी फैजे नूरे ओलिया पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले के बाद पोत डूब गया, हालांकि उसमें सवार सभी 13 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमन के संबंधित अधिकारियों के साथ सक्रिय समन्वय कर रहा है। भारत ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग के लिए यमन के अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।

भारत ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले अत्यंत चिंताजनक हैं। ऐसे हमले वैश्विक समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय नौवहन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं।

विदेश मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाने की घटनाएं तत्काल बंद होनी चाहिए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप लाल सागर और आसपास के अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर स्वतंत्र, निर्बाध और सुरक्षित नौवहन तथा व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0