इजराइल-लेबनान में बातचीत फिर शुरू, हथियार छोड़ने के मुद्दे पर गतिरोध कायम

04 Aug 2026 21:13:53

रोम, 04 अगस्त (हि.स.)। इजराइल और लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच मंगलवार को इटली की राजधानी रोम में प्रत्यक्ष वार्ता का नया दौर शुरू हुआ। मार्च में इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों पक्षों के बीच यह सातवीं प्रत्यक्ष बैठक है, जिसका उद्देश्य सीमा क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा व्यवस्था को आगे बढ़ाना है।

वार्ता के बीच हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने बातचीत का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि इससे लेबनान को अपमान, निराशा और लगातार समझौते ही मिलेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि संगठन अपने हथियार छोड़ने के पक्ष में नहीं है।

हिजबुल्लाह की टिप्पणी पर लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश को सबसे अधिक नुकसान उन लोगों ने पहुंचाया, जिन्होंने एकतरफा फैसलों के जरिए लेबनान को ऐसे युद्धों में झोंक दिया, जिनका कोई लाभ नहीं था, और इजराइल को हमले का अवसर मिला।

उल्लेखनीय है कि जून में हुई पिछली वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने एक रूपरेखा समझौते पर सहमति जताई थी। इसके तहत हिजबुल्लाह के निरस्त्रीकरण, दक्षिणी लेबनान से इजराइली सैनिकों की वापसी तथा उस क्षेत्र में लेबनानी सेना की तैनाती का प्रस्ताव शामिल है। हालांकि हिजबुल्लाह ने इस समझौते को अस्वीकार करते हुए अपने हथियार सौंपने से इनकार कर दिया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0