राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष 5 से 7 अगस्त तक पश्चिम बंगाल दौरे पर, महिला सुरक्षा और तस्करी रोकने पर रहेगा फोकस

04 Aug 2026 15:19:53
विजया रहाटकर


-कोलकाता और हावड़ा में जनसुनवाई, पुलिस-प्रशासन के साथ बैठकें और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा

कोलकाता, 04 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर 5 से 7 अगस्त तक पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह कोलकाता और हावड़ा में महिला सुरक्षा, न्याय तक महिलाओं की पहुंच, कानूनी जागरूकता, संस्थागत जवाबदेही और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। साथ ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेंगी।

दौरे की शुरुआत 5 अगस्त को पश्चिम बंगाल नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ ज्यूडिशियल साइंसेज (डब्ल्यूबीएनयूजेएस) में आयोजित 'कैंपस कॉलिंग' कार्यक्रम से होगी। यहां वह छात्र-छात्राओं के साथ महिला अधिकारों, संवैधानिक मूल्यों और कानूनी जागरूकता पर संवाद करेंगी। इसके बाद 'धनो धान्य ऑडिटोरियम' में महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आर्थिक सशक्तिकरण और सामुदायिक भागीदारी पर चर्चा करेंगी। उसी दिन राष्ट्रीय पुस्तकालय में आयोजित 'शी सर्व्स' कार्यक्रम में भी वह शामिल होंगी, जहां शासन और नेतृत्व में महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श होगा।

महिला आयोग की अध्यक्ष 6 अगस्त को विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर में 'नारी नेतृत्व से समृद्ध बंगाल–बंगाल विमेंस डेवलपमेंट कॉन्क्लेव 2026' का उद्घाटन करेंगी। सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों, उद्योग जगत, शिक्षाविदों और महिला नेतृत्व से जुड़े प्रतिनिधि राज्य में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और विकास की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।

इसी दिन आयोग की अध्यक्ष राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगी। बैठक में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम, सुरक्षा व्यवस्था, शिकायतों के निस्तारण और संस्थागत तंत्र की प्रभावशीलता की समीक्षा की जाएगी।

7 अगस्त को हावड़ा सदर में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पीओएसएच) विषय पर प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें वह शामिल होंगी। इसके बाद हावड़ा जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला सुरक्षा से संबंधित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करेंगी। इसी दिन वह दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के बीएसएफ मुख्यालय (न्यू टाउन) में आयोजित मानव तस्करी निरोधक (एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग) कार्यशाला में भी भाग लेंगी और इस गंभीर सामाजिक चुनौती पर अपने विचार रखेंगी।

दौरे के दौरान विजया रहाटकर दो महिला जनसुनवाई भी करेंगी। पहली जनसुनवाई 6 अगस्त को कोलकाता स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में और दूसरी 7 अगस्त को हावड़ा जिला शासक कार्यालय में आयोजित होगी। इन जनसुनवाई में महिलाएं अपनी शिकायतें सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगी। आयोग संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शिकायतों के त्वरित समाधान का प्रयास करेगा। ऑनलाइन शिकायतें भी स्वीकार की जाएंगी।

राष्ट्रीय महिला आयोग के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य राज्य में महिला सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना, महिलाओं की न्याय तक पहुंच आसान बनाना, कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना तथा विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0