
नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने संसद में जारी गतिरोध के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार जनता और विपक्ष की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दे उठा रहा है, लेकिन सरकार किसी भी विषय पर चर्चा नहीं कराना चाहती।
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष देश की जनता की आवाज को संसद में उठा रहा है, लेकिन सरकार उसे सुनने के बजाय उससे बच रही है। गृहमंत्री संसद में आकर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। संसद में जारी गतिरोध का समाधान सरकार को ही निकालना होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के साथ पुलिस ने बर्बरता की। बिहार में छात्रों पर एके 47 चलाई गई। इन घटनाओं पर गृहमंत्री को संसद में जवाब देना चाहिए। विपक्ष केवल इन मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है।
वेणुगोपाल ने राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी पर कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय नहीं की गई है और न ही निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। विपक्ष यह जानना चाहता है कि राम मंदिर के चढ़ावे के मामले में क्या हुआ, लेकिन सरकार इस पर चर्चा से बच रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष ने संसद में ई-20 से जुड़े मुद्दे और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का विषय भी उठाया है। ये सभी जनहित के मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इनमें से किसी पर भी चर्चा कराने के लिए तैयार नहीं है। सरकार संसद को प्रभावी ढंग से चलाने की इच्छुक नहीं है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर