
नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बारिश से प्रभावित 15-15 ओवर के मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के हीरो यश धुल रहे, जिन्होंने महज 47 गेंदों में नाबाद शतक जड़कर टीम को आसान जीत दिला दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए शीर्ष क्रम को झकझोर दिया और टीम को नौवें ओवर तक 55 रन पर पांच विकेट के संकट में पहुंचा दिया।
इसके बाद रोहन राठी और आश्विनी चिल्लर ने पारी को संभालते हुए छठे विकेट के लिए 85 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। राठी ने 21 गेंदों में 46 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि चिल्लर ने 29 गेंदों में 38 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। निर्धारित 15 ओवर में पुरानी दिल्ली 6 ने सात विकेट पर 140 रन बनाए।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से मनी ग्रेवाल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि गावनिश खुराना ने भी दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए। यश धुल ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच पर अपनी छाप छोड़ दी। उन्होंने केवल 47 गेंदों में नाबाद शतक पूरा किया और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
धुल की विस्फोटक पारी की बदौलत सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने लक्ष्य महज एक विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। इस प्रभावशाली जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली, जबकि यश धुल की यादगार पारी DPL 2026 की अब तक की सबसे बेहतरीन पारियों में शामिल हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय