
रांची, 05 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में 14वीं जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, टीडीपीएल सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, धांधली और अनियमितताओं के विरोध में अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को भी जारी रहा। परीक्षाओं को रद्द कर पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर 29 जुलाई से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा अनिश्चितकालीन सत्याग्रह लगातार जारी है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
आंदोलन के दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में छात्र दो समूहों में आंदोलनरत रहे। एक ओर झारखंड लोकक्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्रनाथ महतो और उनके साथी महेंद्र प्रसाद आमरण अनशन पर बैठे रहे, जबकि दूसरी ओर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।
इसी दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के माध्यम से देवेंद्रनाथ महतो से बातचीत की। स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने महतो से पानी पीने का आग्रह किया। इसके बाद देवेंद्रनाथ महतो ने नींबू पानी ग्रहण कर निर्जला अनशन समाप्त किया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आमरण अनशन और आंदोलन पहले की तरह जारी रहेगा तथा मांगें पूरी होने तक वह पीछे नहीं हटेंगे।
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक भर्ती परीक्षा का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने सरकार से कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अभ्यर्थियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए छात्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकालने की घोषणा की। उनका कहना है कि इसके माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया की मांग और युवाओं की आवाज को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक भानु प्रताप शाही, विधायक सीपी सिंह और भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी सहित विपक्ष के कई नेता आंदोलन स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और भरोसा दिलाया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया जाएगा।
आंदोलनकारी छात्रों ने दोहराया कि उनकी मांगें पूरी होने तक सत्याग्रह, आमरण अनशन और आंदोलन जारी रहेगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar