(लीड) जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाए जाने की सातवीं बरसी पर भाजपा ने मनाया जश्न

05 Aug 2026 21:17:53

- नेकां ने राज्य दर्जे की बहाली की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

जम्मू, 05 अगस्त (हि.स.)। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाए जाने की आज सातवीं बरसी थी। इसके मद्देनजर घाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जबकि जम्मू में भी हाई अलर्ट रहा। पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया जबकि सुरक्षा कारणों से अमरनाथ यात्रियों के जत्थों की आवाजाही भी रोक दी गई। साथ ही, राज्य में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए।

जहां प्रदेश भाजपा ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश में अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त किए जाने की सातवीं वर्षगांठ मनाई। वहीं, नेशनल कांफ्रेंस एवं अन्य पाटिर्यों ने इसका विरोध करते हुए जम्मू-कश्मीर को पुनः राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए विरोध प्रदर्शन किए।

भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर जम्मू में हुई बैठक में कहा गया कि 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 और 35ए निरस्त करना जम्मू और कश्मीर के लिए एकता, समानता और विकास के एक नए युग की शुरुआत है।

भाजपा के जम्मू कश्मीर के प्रवक्ताओं की जम्मू स्थित मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय ने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत किया है। साथ ही जम्मू और कश्मीर का शेष देश के साथ पूर्ण संवैधानिक और विकासात्मक एकीकरण सुनिश्चित किया है। बैठक में याद दिलाया गया कि भाजपा दशकों से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने की वकालत करती रही है और यह निर्णय एक राष्ट्र, एक संविधान के सिद्धांत और जम्मू कश्मीर के सभी नागरिकों के लिए समान अधिकारों और अवसरों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रवक्ता ने पिछले छह वर्षों में केंद्र शासित प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलावों पर भी प्रकाश डाला जिनमें त्वरित अवसंरचना विकास, पारदर्शी शासन, मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं, बेहतर जन कल्याण और केंद्रीय कानूनों एवं कल्याणकारी योजनाओं का समाज के सभी वर्गों तक विस्तार शामिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व को राष्ट्रीय हित में लिए गए इस साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।

श्रीनगर के जवाहर नगर स्थित पार्टी कार्यालय में जम्मू कश्मीर भाजपा के महासचिव संगठन अशोक कौल ने इस अवसर पर केक काटा। पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने पंथा चौक से लाल चौक तक बाइक रैली निकालने की योजना बनाई थी लेकिन पुलिस ने उन्हें लाल चौक की ओर जाने से रोक दिया। पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा युवा नेता और पूर्व डीडीसी सदस्य एजाज हुसैन ने कहा कि 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर का देश में पूर्ण एकीकरण हुआ था।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा रैली निकाली। तिरंगा लिए और देशभक्ति के नारे लगाते हुए सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने जुलूस में भाग लिया। यह रैली कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरी। भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि 5 अगस्त उत्सव का दिन है क्योंकि इस दिन देश में दो संविधानों और दो झंडों की व्यवस्था समाप्त हुई।

सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस नेताओं ने बुधवार को अनुच्छेद 370 हटाने की सातवीं वर्षगांठ पर जम्मू और कश्मीर के पूर्ववर्ती राज्य के विशेष दर्जे की बहाली की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री सकीना इटू के नेतृत्व में नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई नेता, विधायक और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय नवा ए सुबह में एकत्रित हुए और विरोध मार्च निकालने का प्रयासा किया। अनुच्छेद 370 और विशेष दर्जे के समर्थन में तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने पार्टी कार्यालय परिसर से मार्च निकालने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

पत्रकारों से बात करते हुए शिक्षा और सामाजिक कल्याण मंत्री इटू ने कहा कि हमारा विशेष दर्जा और अधिकार बहाल किए जाएं। हमारी पार्टी तब से ही हमारे अधिकारों की बहाली के लिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रही है। इटू ने कहा कि पार्टी मांग करती है कि जम्मू कश्मीर को प्राप्त अधिकार और गारंटी बहाल की जाएं।

उन्होंने आगे कहा कि हमने विधानसभा में दो तिहाई बहुमत से एक प्रस्ताव पारित किया है और मंत्रिमंडल में भी एक प्रस्ताव पारित किया है जिसे केंद्र सरकार को भेज दिया गया है ताकि जनता की आवाज उन तक पहुंचे और जिन अधिकारों को छीना गया है उन्हें बहाल किया जा सके।

श्री सनातन धर्म सभा जम्मू-कश्मीर द्वारा प्रधान पुरुषोत्तम दधीची की अध्यक्षता में अनुच्छेद 370 एवं 35-ए के निरस्तीकरण की सातवीं वर्षगांठ के अवसर पर एकात्मता दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में चैबंर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता, अमर क्षत्रिय राजपूत सभा के अध्यक्ष ठाकुर नारायण सिंह, विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष शक्ति दत्त शर्मा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रांत छात्र प्रमुख अक्षी बलोरिया, युवा भारती के प्रांत प्रमुख एडवोकेट अनुकूल भगत, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सह-संयोजक (पर्यावरण) देव राज शर्मा, बाबा बूढ़ा मरनाथ यात्रा ट्रस्ट के महासचिव सुदर्शन खजूरिया, शिल्पी वर्मा, अनीता शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही जम्मू-कश्मीर में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए तैनात भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को नमन किया गया जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0