
भोपाल, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार से भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 की शुरुआत हो गई है। यहां कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन (मिंटो हॉल) में ब्रिक्स देशों के अधिकारियों की बैठक चल रही है।
बैठक से पहले मिंटो हाल में सुबह 11 बजे सभी मेहमानों का फोटो सेशन हुआ। इसके बाद बैठकों का दौर शुरू हो गया। चार दिन तक चलने वाले इस वैश्विक सम्मेलन में भागीदार देशों के 100 से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में सांस्कृतिक सहयोग, विरासत संरक्षण और आपसी साझेदारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
मिंटो हॉल परिसर में 'ज्ञान भारतम', 'प्रोजेक्ट मौसम' और 'प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत' पर तीन विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया है। ये प्रदर्शनियां इन चारों दिन आम जनता के लिए भी खुली है। प्रदर्शनियां भारत की पांडुलिपि विरासत, समुद्री सांस्कृतिक संबंधों और सभ्यतागत जुड़ाव को प्रदर्शित करने के साथ विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में भारत की पहलों को रेखांकित करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर