उत्तर कोरिया की सीमा के पास अमेरिकी ड्रोन पहुंचा, सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

05 Aug 2026 18:00:53
सांकेतिक


सियोल, 05 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण कोरिया और अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान अंतर-कोरियाई सीमा क्षेत्र के पास एक अमेरिकी सैन्य ड्रोन उड़ान भरता देखा गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर सीमा क्षेत्र के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई।

दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप ने दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के हवाले से बताया है कि ड्रोन को उत्तर कोरिया की सीमा के निकट उत्तरी ग्योंगगी प्रांत में देखा गया था। शुरुआती जांच के बाद इसकी पहचान दक्षिण कोरिया में तैनात अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के एक मानव रहित सैन्य विमान (ड्रोन) के रूप में की गई, जो संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास में शामिल था।

यूएस फोर्सेज कोरिया (यूएसएफके) ने भी पुष्टि की कि ड्रोन उनका था। बयान में कहा गया कि यह उड़ान अमेरिकी और दक्षिण कोरियाई मरीन कॉर्प्स के बीच चल रहे द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास का हिस्सा थी। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय जारी है।

इससे पहले सीमा से सटे चेओरवॉन क्षेत्र में ड्रोन की मौजूदगी का पता चलने पर स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया और नागरिकों को एहतियात के तौर पर आश्रय लेने की सलाह दी।

दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं था कि ड्रोन उत्तर कोरिया का है या अमेरिका का। बाद में सत्यापन के बाद पुष्टि हुई कि यह अमेरिकी सैन्य ड्रोन था।

अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि ड्रोन ने 2018 के अंतर-कोरियाई सैन्य समझौते के तहत निर्धारित पूर्व नो-फ्लाई ज़ोन के ऊपर उड़ान भरी थी या नहीं। यह समझौता दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के उद्देश्य से किया गया था, हालांकि बाद में दोनों देशों के रिश्ते बिगड़ने के कारण इसे निलंबित कर दिया गया।

फिलहाल, दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी सैन्य अधिकारी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0