'राह रिकॉर्ड्स' का पहला गाना 'जादूगरी' रिलीज, अमन ने बिखेरा जादू

05 Aug 2026 13:11:53
सिंगर अमन - फोटो सोर्स एक्स


यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) के नए म्यूजिक लेबल 'राह रिकॉर्ड्स' ने अपनी पहली आधिकारिक पेशकश के तौर पर गायक-गीतकार अमन का ओरिजिनल गीत 'जादूगरी' रिलीज कर दिया है। मौलिक कलाकारों और स्वतंत्र संगीत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस लेबल की घोषणा के एक दिन बाद ही इसका पहला गाना सभी प्रमुख ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया गया। गीत को अमन ने लिखा और अपनी आवाज भी दी है।

'जादूगरी' एक भावनात्मक गीत है, जो प्यार, बिछड़ने और उन अनकहे एहसासों की कहानी कहता है, जिनकी अहमियत अक्सर रिश्ता टूटने के बाद समझ आती है। गीत ऐसे व्यक्ति की भावनाओं को सामने लाता है, जिसे बहुत देर से एहसास होता है कि उसने अपने साथी के प्यार और साथ को सहज मान लिया था। दिल को छू लेने वाले बोल और मधुर धुन इस गीत को खास बनाते हैं। इसके म्यूजिक वीडियो में अमन के साथ अभिनेत्री शिवांगी नेगी नजर आ रही हैं, जहां दोनों के रिश्ते के खूबसूरत पलों के साथ भावनात्मक दूरी को भी संवेदनशील ढंग से दिखाया गया है।

'जादूगरी' के साथ अमन ने राह रिकॉर्ड्स के तहत अपने संगीत सफर की भी शुरुआत की है। लेबल के प्रतिभा विकास कार्यक्रम के तहत पिछले एक वर्ष से अमन के साथ रचनात्मक रूप से काम किया गया, ताकि उनकी गीत लेखन शैली और संगीत पहचान को और मजबूत बनाया जा सके। इस मौके पर अमन ने कहा कि यह गीत उन रिश्तों की कहानी है, जिनमें लोग देर से समझ पाते हैं कि छोटी-छोटी बातें और अनकहे जज्बात ही सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गीत लोगों को अपने प्रियजनों की कद्र करने का संदेश देगा।

अमन पहले ही अपने भावनात्मक गीतों के जरिए युवाओं के बीच अच्छी पहचान बना चुके हैं। उनका गीत 'रोया था' को सोशल मीडिया पर भी इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। अब 'जादूगरी' के साथ वह राह रिकॉर्ड्स के पहले कलाकार बन गए हैं। वाईआरएफ का यह नया रिकॉर्ड लेबल स्वतंत्र कलाकारों को मंच देने और भारतीय मौलिक संगीत को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0