
आसन (दक्षिण कोरिया), 05 अगस्त (हि.स.)। भारत के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत का कोरिया मास्टर्स 2026 का सफर पहले ही दौर में समाप्त हो गया। पूर्व विश्व नंबर एक श्रीकांत को पुरुष एकल के मुकाबले में इजरायल के डेनियल डुबोवेंको ने 20-22, 21-14, 21-12 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
पहला गेम करीबी मुकाबले के बाद गंवाने वाले 33 वर्षीय श्रीकांत इसके बाद लय हासिल नहीं कर सके। डुबोवेंको ने दूसरे और तीसरे गेम में लगातार दबदबा बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ सुपर-300 प्रतियोगिता में भारत की पुरुष एकल चुनौती को बड़ा झटका लगा है।
श्रीकांत इस टूर्नामेंट में अमेरिका ओपन में फाइनल तक पहुंचने के बाद मिली लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरे थे लेकिन वह आसन में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं सके।
हालांकि, महिला एकल में भारत की तान्वी शर्मा ने शानदार शुरुआत करते हुए चीन की युआन एन क्यूई को 21-16, 21-15 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। अब उनका मुकाबला हमवतन श्रीयांशी वालिशेट्टी से होगा, जिससे दूसरे दौर में एक भारतीय खिलाड़ी का आगे बढ़ना तय हो गया है।
इससे पहले पुरुष युगल में पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और कृष्ण प्रसाद गरागा की जोड़ी ने बड़ा उलटफेर करते हुए थाईलैंड की चौथी वरीय जोड़ी वोर्रापोल थोंगसा-ंगा और चलोएमपोन चारोएनकिटामोर्न को 21-16, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
पुरुष एकल क्वालीफाइंग में तुषार सुवीर ने पहले मैच में कनाडा के शौर्य गुल्लैया को 21-15, 21-12 से हराया, लेकिन अंतिम क्वालीफाइंग मुकाबले में जापान के शोगो ओगावा से 10-21, 17-21 से हार गए और मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने से एक कदम दूर रह गए।
पुरुष युगल में अर्जुन रेड्डी पोचाना और अचुतादित्य राव दोड्डावरापु की जोड़ी को दूसरी वरीयता प्राप्त चोई सोल ग्यू और गोह वी शेम ने 21-3, 21-10 से हराया।
वहीं, महिला युगल में प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा की जोड़ी जापान की दूसरी वरीय रिरिना हिरामोटो और कोकोना इशिकावा से 15-21, 13-21 से हारकर पहले ही दौर में बाहर हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे