

रांची, 06 अगस्त (हि.स.)। झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के वरीय उपाध्यक्ष सह छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो के आमरण अनशन समाप्त होने की चल रही खबरों को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवेंद्र महतो ने अपना आमरण अनशन समाप्त नहीं किया है और वह केवल नमक मिला पानी पी रहे हैं।
देवेंद्रनाथ महतो की ओर से गुरुवार को जारी बयान के अनुसार, वीडियो कॉल के दौरान सोनम वांगचुक ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए नमक पानी पीने की सलाह दी थी। इसके बाद कुछ मीडिया माध्यमों में अनशन समाप्त होने की खबरें प्रसारित हुईं, जिससे वांगचुक ने असहमति जताई।
सोनम वांगचुक ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा कर कहा कि देवेंद्र महतो पिछले पांच दिनों से लगातार भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि महतो ने अन्न ग्रहण नहीं किया है और उनका आमरण अनशन पूर्ववत जारी है। इसके साथ ही, उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की।
उधर, देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि जेपीएससी-जेएसएससी सहित विभिन्न छात्र मांगों को लेकर चल रहा सत्याग्रह आंदोलन गुरुवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गया, जबकि उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण सत्याग्रह और आमरण अनशन जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar