


- तुलसी जयंती अंतर्गत मानस भवन में भक्ति संगीत और अलंकरण समारोह आयोजित
भोपाल, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग अंतर्गत तुलसी शोध संस्थान ने वरिष्ठ पत्रकार और हिन्दुस्थान
समाचार के समूह संपादक रामबहादुर राय को ‘पद्मभूषण युगतुलसी पं. रामकिंकर उपाध्याय राष्ट्रीय पुरस्कार’ से सम्मानित किया।
रामबहादुर राय को गुरुवार को भोपाल के तुलसी मानस प्रतिष्ठान में आयोजित भक्ति संगीत एवं अलंकरण समारोह वर्ष-2026 का यह सम्मान पत्रकारिता, राष्ट्रचिंतन, संस्कृति और समसामयिक विषयों पर उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। वे वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के अध्यक्ष भी हैं।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं राष्ट्रचिंतक रामबहादुर राय ने कहा कि पद्मभूषण युगतुलसी पं. रामकिंकर उपाध्याय ने गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित श्रीरामचरितमानस की अद्वितीय एवं सहज व्याख्या कर उसे जन-जन तक पहुँचाया। उन्होंने बताया कि पं. रामकिंकर उपाध्याय ने लगभग 80–85 ग्रंथों की रचना की, जिनका सुव्यवस्थित संकलन भी किया गया है। उन्होंने मात्र 19 वर्ष की आयु में प्रेममूर्ति भरत की रचना की, जिसमें श्री रामचरितमानस के पात्र भरत के निष्कलुष प्रेम, त्याग और आदर्श चरित्र का अत्यंत मार्मिक एवं भावपूर्ण चित्रण किया गया है।
संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग संबोधन में कहा कि पं. रामकिंकर उपाध्याय ने श्री रामचरितमानस की व्याख्या के माध्यम से भारतीय सनातन संस्कृति के मूल्यों को विश्वभर में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार भारतीय ज्ञान, साहित्य, संस्कृति और अध्यात्म की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले विभूतियों के सम्मान का माध्यम है। रामबहादुर राय का योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।
समारोह में संस्कृति संचालक एनपी नामदेव ने प्रशस्ति वाचन किया तथा दीदी मंदाकिनी श्रीरामकिंकर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इससे पहले स्वागत उद्बोधन में अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और राष्ट्रचेतना के उन शाश्वत मूल्यों का अभिनंदन है, जिनका संवर्धन पद्मभूषण पं. रामकिंकर उपाध्याय ने अपने जीवन भर किया। उन्होंने कहा कि रामबहादुर राय ने पत्रकारिता को राष्ट्रनिर्माण का माध्यम बनाकर सत्य, वैचारिक प्रतिबद्धता और भारतीय दृष्टि को सशक्त अभिव्यक्ति दी है।
समारोह में शर्मा बंधु एवं साथी, उज्जैन द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में दीदी मंदाकिनी, अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला के साथ तुलसी मानस प्रतिष्ठान के कार्यकारी अध्यक्ष रघुनंदन शर्मा तथा संस्कृति विभाग के संचालक एन.पी. नामदेव आदि लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मयंक चतुर्वेदी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर