प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस, मनोरंजन क्षेत्र की संभावनाओं पर की चर्चा

06 Aug 2026 07:05:53
नेटफ्लिक्स के सीईओ डेट सारंडोस (बाएं) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (मध्य में)। फोटो - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक्स हैंडल से।


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। देश में नेटफ्लिक्स के 10 वर्ष पूरे होने का जश्न शुरू हो गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर नेटफ्लिक्स के सह- मुख्य कार्यकारी अधिकारी (को-सीईओ) टेड सारंडोस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात पर खुशी जताते हुए बुधवार देररात शब्द चित्र को एक्स पर साझा किया। दोनों के बीच मनोरंजन के वैश्विक आयामों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, '' टेड सारंडोस से मिलकर खुशी हुई। भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर चर्चा की। भारत में कहानी कहने की एक समृद्ध परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा का एक असाधारण भंडार है। इसका लाभ उठाकर सामग्री निर्माण के वैश्विक केंद्र के रूप में देश की स्थिति को मजबूत किया जा सकता है।''

उन्होंने अपने शब्द चित्र के साथ नेटफ्लिक्स इंडिया की पोस्ट भी साझा की। इसमें कहा गया, '' भारत में नेटफ्लिक्स के 10 साल पूरे होने का जश्न! हमारे को-सीईओ टेड सारंडोस का माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मिलना सम्मान की बात रही। उन्होंने भारत के मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को ग्लोबल स्तर पर ले जाने के अपने साझा दृष्टिकोण पर चर्चा की।''

नेटफ्लिक्स इंडिया ने कहा, '' भारत में इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव की शुरुआत की गई है। यह एक ऐसा मंच है जो भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) और राष्ट्रीय फ़िल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के साथ स्किलिंग और एजुकेशन पार्टनरशिप के जरिए भारत के क्रिएटिव टैलेंट की अगली पीढ़ी को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।''

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0