यजस शर्मा के तूफानी अर्धशतक और नवदीप सैनी की घातक गेंदबाजी से आउटर दिल्ली वॉरियर्स की शानदार जीत

06 Aug 2026 20:16:53
तेज गेंदबाज नवदीप सैनी


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित 10-10 ओवर के मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 39 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने निर्धारित 10 ओवर में दो विकेट पर 132 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से यजस शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुरुआत से अंत तक पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

यजस शर्मा और प्रियांश आर्य ने पहले विकेट के लिए 2.2 ओवर में 31 रन जोड़े। प्रियांश 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अक्षय सैनी ने 10 गेंदों पर 20 रन की तेज पारी खेलकर रनगति को बनाए रखा। अंतिम ओवरों में मोनू शुक्ला ने 13 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाकर यजस के साथ अहम साझेदारी निभाई, जिससे टीम 130 रन के पार पहुंचने में सफल रही।

133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती झटकों के चलते पांच रन पर दो और 16 रन तक पहुंचते-पहुंचते चार विकेट गंवा दिए।

इसके बाद तेजस्वी दहिया (18 रन, 11 गेंद) और एकांश डोबाल ने पांचवें विकेट के लिए 52 रन जोड़कर संघर्ष किया। डोबाल ने 15 गेंदों पर 35 रन की तेज पारी खेली, जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल थे। हालांकि उनके आउट होते ही टीम की उम्मीदें भी समाप्त हो गईं।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की पूरी टीम 93 रन पर सिमट गई और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने मुकाबला 39 रन से अपने नाम कर लिया।

वॉरियर्स की ओर से नवदीप सैनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में मात्र नौ रन देकर तीन विकेट झटके। अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0