
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के बीच दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में अगले 5-6 दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, अभी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में मध्यम अल-नीनो की स्थिति बनी हुई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। यह सिलसिला रात तक जारी रह सकता है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33-35 डिग्री सेल्सियस और 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार और सोमवार को भी वर्षा होने से तापमान में कमी आने का अनुमान है।
आईएमडी के मुताबिक, अभी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में मध्यम अल-नीनो की स्थिति बनी हुई है, जिसमें मध्य एवं पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से अधिक है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के दौरान इन स्थितियों के और मजबूत होने की उम्मीद है। वहीं, पश्चिम बंगाल और बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से अगले तीन दिनों में पूर्वी भारत (ओडिशा, झारखंड, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, गंगा के किनारे बसे पश्चिम बंगाल) में बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, अगले दो दिनों में केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम तथा उससे सटे मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में सप्ताह के अधिक दिनों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
इसके अलावा इन्हीं क्षेत्रों में इसी बीच तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार 40-70 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और केरल में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी), असम, नगालैंड, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, कोंकण, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी