अरुणाचल प्रदेश के 27 स्थानों और भौगोलिक संरचनाओं को आधिकारिक मानचित्र में चिन्हित किया गया

07 Aug 2026 19:22:53

नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश सरकार के परामर्श से राज्य में स्थित 27 स्थानों और भौगोलिक संरचनाओं को भारतीय सर्वेक्षण विभाग के आधिकारिक मानचित्रों पर उनके मानक स्थान और आधिकारिक नामों के साथ औपचारिक रूप से चिन्हित किया है।

गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इन स्थानों और भौगोलिक संरचनाओं को आधिकारिक मानचित्र में शामिल करने का उद्देश्य उनकी सटीक पहचान सुनिश्चित करना तथा आम लोगों के बीच उनके बारे में बेहतर जागरूकता पैदा करना है।

आधिकारिक मानचित्र में शामिल 27 स्थानों में भूमि क्षेत्र, दर्रे, झील और स्मारक जैसी विभिन्न भौगोलिक संरचनाएं शामिल हैं। इनमें लॉन्गजू, माजा, बीसा, बारा कुंदुन, छोटा कुंदुन, धन बारी, प्रीतनगर, बुद्धमंदिर, जयरामपुर, तेरितनगर, रामनगर, जसवंतगढ़, सागर, पद्मा, ज्योतिनगर, बैसाखी, छोटा रोपुक, बारा रोपुक, शिवाजी नगर, सुनपुरा और कमलांग नगर जैसे भूमि क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा द्जो ला, रिजा ला, पुकर ला और थाग ला दर्रों, संभो सरोवर झील तथा शेर-ए-थापा मेमोरियल स्मारक को भी आधिकारिक मानचित्र में दर्ज किया गया है।

सरकार के अनुसार भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा तैयार अरुणाचल प्रदेश के अद्यतन मानचित्र में इन स्थानों को उनके मानक भौगोलिक नामों के साथ प्रदर्शित किया गया है, जिससे भविष्य में इनकी पहचान और संदर्भ अधिक स्पष्ट और प्रमाणिक हो सकेंगे।

सरकार ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश का अद्यतन आधिकारिक मानचित्र भारतीय सर्वेक्षण विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां अतिरिक्त स्थानों और भौगोलिक संरचनाओं की जानकारी भी देखी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0