अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्य में चीनी सेना की घुसपैठ की खबरों को खारिज किया

07 Aug 2026 15:36:53
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू। फाइल फोटो


इटानगर, 07 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राज्य में चीनी सेना की घुसपैठ की खबरों को खारिज कर दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे स्थानीय लोगों, भारतीय सेना और 'नाह वेलफेयर सोसाइटी' से बात करके इन दावों की पुष्टि करेंगे।

मुख्यमंत्री खांडू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक सवाल पर कहा कि वे कोई भी बयान देने से पहले वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास चीनी सेना की कथित गतिविधियों के बारे में और जानकारी जुटाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें नहीं लगता कि कोई घुसपैठ हुई है, क्योंकि भारतीय सेना के जवान वहां तैनात हैं।

मुख्यमंत्री का यह बयान नाह वेलफेयर सोसाइटी द्वारा भारत-चीन सीमा पर टाक्सिंग के पास चीनी सेना की कथित गतिविधियों पर चिंता जताने और इससे जुड़ी खबरों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आया है। सोसाइटी ने दावा किया था कि भारतीय सेना ने पिछले एक महीने में इस इलाके में अपनी तैनाती बढ़ाई है और भारतीय सैनिकों का चीनी कर्मियों से हाल ही में आमना-सामना हुआ है। जो सोशल मीडिया में भी वायरल है।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने अरुणाचल प्रदेश के गृहमंत्री एम. नाटुंग ने भी चीनी घुसपैठ की खबरों को खारिज करते हुए उन्हें अफवाह बताया था और मीडिया से अपील की थी कि वे ऐसी खबरों को छापने से पहले उनकी सच्चाई की जांच कर लें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Powered By Sangraha 9.0