डेनिश दास की कप्तानी पारी से बरपेटा ब्रेव्स की नगांव रेंजर्स पर 70 रन की शानदार जीत

युगवार्ता    07-Aug-2026
Total Views |
Image of the Captain Denish Das Leading Barpeta Braves to 70-Run.


गुवाहाटी, 07 अगस्त (हि.स.)। कप्तान डेनिश दास की नाबाद अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बरपेटा ब्रेव्स ने शुक्रवार को असम क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नगांव रेंजर्स को 70 रन से करारी शिकस्त दी।

एटीएल के तहत आयोजित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बरपेटा ब्रेव्स ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 170 रन बनाए। कप्तान डेनिश दास ने 45 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 72 रन की मैच विजयी पारी खेली। कबीर हसन देसमुख ने 25, गौरव ठाकुरिया ने 22 गेंदों पर 31 और अरुण सोनार ने सात गेंदों पर नाबाद 13 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नगांव रेंजर्स की शुरुआत खराब रही। राजेश प्रसाद ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया। इसके बाद शुभम कुमार गुप्ता ने किफायती गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लेकर नागांव की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

नगांव की ओर से सुमित कश्यप ने 34 गेंदों पर 44 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला।

अंत में बिकिरण दास ने घातक गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर चार विकेट झटके और नगांव रेंजर्स की पूरी टीम को 18.2 ओवर में 100 रन पर समेट दिया। शुभम कुमार गुप्ता ने 3/8 और राजेश प्रसाद ने 2/22 के आंकड़े दर्ज किए।

संक्षिप्त स्कोर :

बरपेटा ब्रेव्स: 20 ओवर में 170/4 (डेनिश दास 72*, गौरव ठाकुरिया 31; दर्शन राजबंशी 2/43, भार्गव दत्ता 1/21)

नगांव रेंजर्स: 18.2 ओवर में 100 ऑल आउट (सुमित कश्यप 44, एसके ज्ञानम 18; बिकिरण दास 4/13, शुभम कुमार गुप्ता 3/8, राजेश प्रसाद 2/22)।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags