डुरंड कप: दिल्ली एससी की एकतरफा जीत, डिफेंडर्स एफसी को 7-0 से हराया

07 Aug 2026 19:19:54
मैच की तस्वीर


रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए डुरंड कप के चौथे मुकाबले में दिल्ली एससी ने डिफेंडर्स एफसी को 7-0 से करारी शिकस्त दी। दिल्ली एससी ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पहले 11 मिनट में तीन गोल दागकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली।

दिल्ली एससी ने पांचवें मिनट में गोल कर अपना खाता खोला। इसके दो मिनट बाद सातवें मिनट में दूसरा गोल किया, जबकि 11वें मिनट में तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। लगातार हमलों से दिल्ली की टीम ने डिफेंडर्स एफसी को दबाव में बनाए रखा। 34वें मिनट में चौथा गोल कर दिल्ली ने अपनी बढ़त 4-0 कर ली। पहले हाफ के समाप्त होने तक डिफेंडर्स एफसी की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।

दूसरे हाफ में डिफेंडर्स एफसी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन दिल्ली एससी की मजबूत रक्षापंक्ति और बेहतर तालमेल के सामने उसके प्रयास नाकाफी साबित हुए। दिल्ली ने मुकाबले के अंतिम क्षणों में गोलों की झड़ी लगा दी। 88वें मिनट में पांचवां गोल करने के बाद टीम ने 90वें मिनट में लगातार दो गोल दागे और स्कोर 7-0 कर दिया।

पूरे मुकाबले में दिल्ली एससी के खिलाड़ियों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। तेज पासिंग, गेंद पर बेहतर नियंत्रण और आक्रामक रणनीति के दम पर दिल्ली की टीम ने अधिकांश समय खेल पर नियंत्रण बनाए रखा। डिफेंडर्स एफसी को मिले कुछ मौकों को दिल्ली के गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया।

दिल्ली एससी की एकतरफा जीत का खेलप्रेमियों ने तालियों के साथ स्वागत किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Powered By Sangraha 9.0