





भोपाल, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रहे ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 के तीसरे दिन शुक्रवार को केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक के दौरान इंडोनेशिया के संस्कृति मंत्री फदली ज़ोन और दक्षिण अफ्रीका के संस्कृति मंत्री गेटन मैकेंजी के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने सोशल मीडिया एक्स पर उक्त जानकारी साझा करते हुए बताया कि भोपाल में ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक के दौरान, दक्षिण अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री महामहिम गेटन मैकेंजी के साथ द्विपक्षीय बैठक करना सुखद रहा। हमने संस्कृति, विरासत, रचनात्मक उद्योगों, कौशल विकास और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान के क्षेत्रों में भारत और दक्षिण अफ्रीका के सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि भारत की प्रमुख सांस्कृतिक पहलों, जैसे 'ज्ञान भारतम मिशन' और 'बृहत्तर भारत प्रोजेक्ट' के बारे में भी जानकारी दी और हमारी साझा सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करने और उसे बढ़ावा देने के लिए गहरे सहयोग के अवसरों पर विचार किया। शेखावत ने कहा कि रणनीतिक साझेदारों और ब्रिक्स के सदस्य देशों के रूप में, हम अपने लोगों के लाभ के लिए अपने दीर्घकालिक सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि भोपाल में ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक के दौरान इंडोनेशिया के संस्कृति मंत्री फदली ज़ोन के साथ एक सौहार्दपूर्ण और सार्थक द्विपक्षीय बैठक की। हमारी बातचीत भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने पर केंद्रित रही। हमने प्रतिष्ठित प्रम्बानन मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार और संरक्षण में भारत की सहायता की प्रगति की समीक्षा की; यह एक महत्वपूर्ण पहल है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी साझा विरासत को संरक्षित करने की हमारी संयुक्त प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इंडोनेशिया की सफल राजकीय यात्रा के बाद हमारे नेताओं के विजन के अनुरूप सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ाने, लोगों के बीच आपसी संपर्क को मजबूत करने और सहयोग को और गहरा करने पर भी चर्चा की।
इससे पहले शुक्रवार को ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के संस्कृति मंत्री भोपाल पहुंचे। यहां राजाभोज विमानतल पर उनका पारंपरिक नृत्य से स्वागत किया गया। वहीं, शाम को प्रमुख 'ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव 2026' आयोजित किया, जिसमें संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्व शांति, सांस्कृतिक संवाद और वैश्विक सद्भाव का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर