प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकरों का किया अभिवादन

07 Aug 2026 08:59:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक्स पोस्ट


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह एक्स पर राष्ट्रीय हथकरघा दिवस और देश के बुनकरों की अमूल्य विरासत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बुनकरों ने इस विरासत को संजोया है। प्रधानमंत्री ने लिखा, '' आज, राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर हम भारत की समृद्ध और जीवंत हथकरघा विरासत का जश्न मना रहे हैं। हम अपने बुनकरों और कारीगरों के कौशल, रचनात्मकता और समर्पण को भी सलाम करते हैं। पीढ़ियों से उन्होंने हमारी परंपराओं को संजोया और समृद्ध किया है।''

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''हमारी सरकार हथकरघा क्षेत्र का समर्थन करना जारी रखेगी, जो ग्रामीण सशक्तिकरण, महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास और आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।'' उन्होंने इस अवसर पर आह्वान किया कि वह #NationalHandloomDay का इस्तेमाल करते हुए अपने पसंदीदा हथकरघा उत्पादों और जीआरडब्ल्यूएम वीडियो को जरूर शेयर करें, जिससे इस क्षेत्र से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ेगा।

सनद रहे प्रधानमंत्री ने इस पोस्ट में अंग्रेजी के चार अक्षरों जी आर डब्ल्यू एम का जिक्र किया है। इसका अर्थ गेट रेडी विद मी (मेरे साथ तैयार हो जाओ) होता है। यह सोशल मीडिया पर एक लोकप्रिय वीडियो फॉर्मेट है। इसमें क्रिएटर या व्लॉगर किसी दिन, पार्टी या खास इवेंट को कैमरे पर बात करते हुए साझा करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0