हॉलीवुड में प्रियंका चोपड़ा की नई पारी, रसेल क्रो संग साझा करेंगी स्क्रीन

07 Aug 2026 12:23:53
प्रियंका चोपड़ा - फोटो सोर्स एक्स


प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड में एक और बड़े प्रोजेक्ट के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। ऑस्कर विजेता अभिनेता रसेल क्रो और प्रियंका आगामी साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर 'ब्लूफ्लाई' में पहली बार एक साथ नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन निमरॉड एंटल करेंगे, जिन्हें 'प्रेडेटर्स' और 'वेकेंसी' जैसी फिल्मों के अलावा लोकप्रिय सीरीज 'स्ट्रेंजर थिंग्स' के निर्देशन के लिए जाना जाता है। बड़े बजट की इस फिल्म में प्रियंका और रसेल की जोड़ी के साथ दर्शकों को एक्शन, रहस्य और रोमांच का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, 'ब्लूफ्लाई' को आधिकारिक तौर पर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने पेश किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग इस साल ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में शुरू होने की योजना है। कहानी संयुक्त राष्ट्र के एक परेशान अनुवादक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे कांगो में एक गुप्त मिशन पर भेजा जाता है। मिशन के दौरान उसे एक ऐसे रहस्यमयी विमान की तलाश करनी है, जिसके अस्तित्व को पूरी दुनिया से छिपाकर रखा गया है। फिल्म को 'अराइवल' जैसी भावनात्मक और रहस्यमयी साइंस-फिक्शन थ्रिलर के तौर पर पेश किया जा रहा है। इसका निर्माण छह निर्माताओं की टीम करेगी, जबकि वैश्विक वितरण की जिम्मेदारी हाइलैंड फिल्म ग्रुप संभालेगा।

हाइलैंड फिल्म ग्रुप की सीईओ एरियन फ्रेजर ने प्रियंका और रसेल की कास्टिंग को फिल्म की बड़ी ताकत बताया है। निर्देशक निमरॉड एंटल के मुताबिक, 'ब्लूफ्लाई' साहसिक साइंस-फिक्शन की पृष्ठभूमि वाली एक तनावपूर्ण और रहस्यमयी थ्रिलर होगी, जिसमें मजबूत किरदार देखने को मिलेंगे। प्रियंका के लिए यह प्रोजेक्ट उनके बढ़ते हॉलीवुड करियर में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। वह जल्द ही एसएस राजामौली की पैन इंडिया फिल्म 'वाराणसी' के जरिए भारतीय सिनेमा में भी वापसी करने वाली हैं। ऐसे में 'ब्लूफ्लाई' के साथ उनका हॉलीवुड और 'वाराणसी' के जरिए भारतीय सिनेमा में एक साथ बड़ा दांव देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0