विश्व जूनियर एथलेटिक्स: मोहम्मद अशफाक ने तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड, 400 मीटर फाइनल में पहुंचे

07 Aug 2026 09:47:53
भारत के मोहम्मद अशफाक


बसंत भी हाई जंप के फाइनल में

यूजीन (ओरेगन), 07 अगस्त (हि.स.)। विश्व जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन गुरुवार को भारत के मोहम्मद अशफाक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष 400 मीटर में नया अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और फाइनल में जगह बना ली। वहीं, बसंत ने पुरुष हाई जंप के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर भारत की उम्मीदें बरकरार रखीं।

19 वर्षीय अशफाक ने हीट-5 में 45.81 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने अप्रैल में बेंगलुरु में आयोजित अंडर-20 फेडरेशन कप में बनाए गए अपने ही 46.05 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

इसके बाद सेमीफाइनल की तीसरी हीट में अशफाक ने 46.00 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह बनाई। अमेरिका के क्विंसी विल्सन (45.02 सेकंड) और दक्षिण अफ्रीका के किर्न रोमिन (45.87 सेकंड) उनसे आगे रहे। वहीं, भारत के पियूष राज हीट-6 में 47.78 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके।

पुरुष हाई जंप में बसंत ने 2.14 मीटर की छलांग लगाकर ग्रुप-ए में पांचवां स्थान हासिल किया और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। वहीं के. अंब्रीश ग्रुप-बी में 2.05 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ बाहर हो गए। दोनों ग्रुप में कोई भी खिलाड़ी 2.21 मीटर के स्वत: क्वालीफिकेशन मानक को पार नहीं कर सका।

महिला डिस्कस थ्रो फाइनल में अमनत कंबोज ने 53.24 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छठा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन की सू यिक्सिन ने 61.06 मीटर के अंडर-20 विश्व लीड थ्रो के साथ जीता।

महिला शॉट पुट में अंशु फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। उन्होंने क्वालीफिकेशन में 15.24 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और ग्रुप-ए में नौवें तथा कुल 14वें स्थान पर रहीं। वह फाइनल के लिए निर्धारित कटऑफ से 21 सेंटीमीटर पीछे रह गईं।

महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में तनु चौधरी ने 1:00.03 मिनट का समय निकालकर अपनी हीट में पांचवां स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। वहीं, पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ में अमित कुमार 54.01 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट में अंतिम स्थान पर रहे।

पुरुष ट्रिपल जंप क्वालीफिकेशन में धनुष राज (14.71 मीटर) और पी. रॉयशन (15.20 मीटर) भी फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0