
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड को लगातार दूसरी बार एलन बॉर्डर मेडल से सम्मानित किया गया। यह ऑस्ट्रेलियाई पुरुष क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत सम्मान है। हेड ने 2025-26 अंतरराष्ट्रीय सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। हेड ने तीनों प्रारूपों में 30 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 1,437 रन बनाए हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार हेड ने बेहद करीबी मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी को केवल एक वोट से पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार जीता। हेड को 153, कैरी को 152 और तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को 150 वोट मिले।
हेड ने एशेज श्रृंखला के पहले टेस्ट में 83 गेंदों पर 123 रन की मैच विजयी पारी खेली थी। इसके बाद एडिलेड टेस्ट में उन्होंने अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ 170 रन बनाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने एशेज अपने पास बरकरार रखी।
तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को शेन वॉर्न पुरुष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। स्टार्क ने 11 टेस्ट मैचों में 57 विकेट लिए, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ 7/58 का शानदार प्रदर्शन भी शामिल रहा।
मिशेल मार्श को पुरुष वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला, जबकि टिम डेविड को पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। डेविड ने इस सत्र में 395 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक भी जड़ा।
महिला वर्ग में एनेबेल सदरलैंड ने लगातार दूसरी बार बेलिंडा क्लार्क पुरस्कार अपने नाम किया। उन्हें महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुना गया, जबकि बेथ मूनी को महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर का सम्मान मिला।
प्रमुख पुरस्कार विजेता:
एलन बॉर्डर मेडल: ट्रैविस हेड
शेन वॉर्न पुरुष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर: मिशेल स्टार्क
पुरुष वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर: मिशेल मार्श
पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर: टिम डेविड
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे