
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। भारत के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे उद्घाटन यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में खेलते नजर आएंगे। रहाणे ने एम्स्टर्डम फ्लेम्स के साथ बतौर स्टार खिलाड़ी करार किया है। इस फ्रेंचाइजी की सह-स्थापना ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर स्टीव वॉ ने की है।
फ्रेंचाइजी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि रहाणे का अनुभव और नेतृत्व टीम की दीर्घकालिक योजना को मजबूत करेगा और यूरोप में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देगा।
रहाणे ने पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच था।
रहाणे के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत को 2-1 से ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जिताना शामिल है। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने के बाद उन्होंने कप्तानी संभालते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई थी।
रहाणे का आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए था। उनके संन्यास के बाद केकेआर को अब नए कप्तान की तलाश करनी होगी। रहाणे ने पिछले दो सत्रों में टीम की कप्तानी की थी, हालांकि टीम 2025 में आठवें और 2026 में सातवें स्थान पर रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे