
यश राज फिल्म्स (वायआरएफ) पहली बार हॉरर जॉनर में कदम रखने जा रही है। प्रतिष्ठित फिल्म निर्माण कंपनी ने अपनी पहली थिएटरिकल हॉरर फिल्म की तैयारी शुरू कर दी है, जिसका निर्देशन अभय पन्नू करेंगे। अभय पन्नू समीक्षकों द्वारा सराही गई वेब सीरीज़ 'रॉकेट बॉयज' के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने फिल्म का निर्देशन करने के साथ-साथ इसकी पटकथा भी लिखी है। फिल्म की शूटिंग इस वर्ष के अंत तक शुरू होने की संभावना है और इसे वर्ष 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, अभिनेता वरुण धवन को इस प्रोजेक्ट में मुख्य भूमिका के लिए चुना गया है। बताया जा रहा है कि वायआरएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अक्षय विधानी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को रणनीतिक रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। यश राज फिल्म्स ने अब तक एक्शन, रोमांस, ड्रामा, थ्रिलर और जासूसी जैसे कई जॉनर में सफल फिल्में दी हैं, लेकिन हॉरर ऐसा क्षेत्र था जिसमें स्टूडियो ने पहले कभी काम नहीं किया था। ऐसे में यह फिल्म वायआरएफ के लिए एक नई शुरुआत मानी जा रही है।
'रॉकेट बॉयज' की सफलता के बाद यह अभय पन्नू की पहली थिएटरिकल फिल्म होगी। वहीं, 'सुई धागा' के बाद वरुण धवन दूसरी बार यश राज फिल्म्स के साथ काम करते नजर आएंगे। फिल्म को नई पीढ़ी के फिल्मकारों को अवसर देने की वायआरएफ की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। हाल के वर्षों में स्टूडियो ने मोहित सूरी, समीर सक्सेना और अब अभय पन्नू जैसे रचनात्मक निर्देशकों पर भरोसा जताते हुए नए विषयों और शैलियों की फिल्मों को बढ़ावा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे