बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 15 चरमपंथी ढेर

09 Aug 2026 17:15:53
सांकेतिक


क्वेटा, 09 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाकर 15 चरमपंथियों को मार गिराने का दावा किया है। सुरक्षा सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के उर्दू टेलीविजन चैनल दुनिया न्यूज ने सूत्राें के हवाले से बताया कि ये अभियान बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग, बोलान, वाशुक, अवारान, सिबी, खुज़दार, हरनाई और नुश्की इलाकों में चलाए गए। सुरक्षा बलों ने इन अभियानों के दौरान बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद करने का दावा किया है।

सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि इन कार्रवाइयों से चरमपंथी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और बलूचिस्तान में उनकी गतिविधियों तथा आवाजाही पर असर पड़ा है।

सुरक्षा बलों ने कहा है कि आतंकवाद के पूरी तरह खत्म होने तक 'ऑपरेशन रद-उल-फसाद-3' के तहत अभियान जारी रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार, प्रांत में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चरमपंथी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0