एयर इंडिया विमान चालक की डोप टेस्ट पुष्टि के लिए जांच जारी, फिलहाल ड्यूटी से बाहर

09 Aug 2026 18:26:53
Air India and Air India Express to operate 20 flights to West Asia today


नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कहना है कि एयर इंडिया के विमान के अचानक नीचे आने के मामले में पायलट-इन-कमांड (पीआईसी) के जांच परीक्षण के परिणाम को आगे पुष्टिकरण परीक्षण की आवश्यकता है। इसके तहत नमूनों को पुष्टिकरण विश्लेषण के लिए निर्धारित प्रयोगशाला में भेजा गया है और अंतिम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।

उल्लेखनीय है कि ऐसी मीडिया रिपोर्टें आई थी जिनमें दावा किया गया था कि विमान चालक डोप टेस्ट फेल हो गया है। एयर इंडिया के ए320 विमान वीटी-ईएक्सओ 4 अगस्त को उड़ान के दौरान अचानक लगभग 300 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गया। विमान फुकेत (थाइलैंड) से दिल्ली के लिए उड़ान संख्या एआई2379 संचालित कर रहा था। इसके बाद विमान स्थिर हो गया और बाद में दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतर गया।

मंत्रालय ने यह भी कहा है कि एयर इंडिया के विमान के अचानक नीचे आने के मामले की जांच जारी है। जांच की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने तक दोनों फ्लाइट क्रू सदस्यों को डीजीसीए ने ड्यूटी से हटवा दिया है। जांच और पुष्टिकरण परीक्षण परिणामों के आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।

मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए विमानन सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए भी दृढ़ता से प्रतिबद्ध है कि ऐसी सभी घटनाओं की पूरी जांच की जाए और निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए।

इस घटना के दौरान विमान में सवार कुछ यात्रियों और केबिन क्रू सदस्यों को चोटें आईं। विमान में 3 शिशुओं सहित 137 यात्री और दो पायलटों और छह केबिन क्रू सदस्यों सहित 8 क्रू सदस्य सवार थे।

मंत्रालय का कहना है कि ऐसी घटना के बाद मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत दोनों फ्लाइट क्रू सदस्यों का निर्धारित मनो-सक्रिय पदार्थ जांच परीक्षण किया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0