मप्र के इंदौर ने फिर रचा इतिहास, रेवती रेंज पर 13 लाख 10 हजार 12 पेड़ों की गिनती कर बनाया विश्व रिकॉर्ड

09 Aug 2026 19:58:53
इंदौर में पौधरोपण करते हुए मंत्री विजयवर्गीय


- एक स्थान पर लाखों पौधे लगाकर दो वर्ष में उन्हें वृक्ष बनाने का बनाया विश्व कीर्तिमान

इंदौर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। रविवार को यहां रेवती रेंज में लगाए गए पौधों की गणना के बाद एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने रेवती रेंज पर वर्तमान में 13 लाख 10 हजार 12 वृक्ष होने की घोषणा की। एक ही स्थान पर लाखों पौधे लगाकर उनका दो वर्षों तक संरक्षण करते हुए उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का यह विश्व कीर्तिमान है।

वर्ष 2024 में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में इंदौरवासियों ने रेवती रेंज पर एक दिन में 12 लाख 41 हजार से अधिक पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। पौधारोपण के बाद पौधों के संरक्षण और देखरेख के लिए रेवती रेंज में नर्सरी भी विकसित की गई, ताकि किसी पौधे के नष्ट होने की स्थिति में उसके स्थान पर तत्काल नया पौधा लगाया जा सके। वर्ष 2025 में भी इंदौरवासियों द्वारा रेवती रेंज पर एक लाख पौधों का रोपण किया गया।

दो वर्ष तक पौधों के संरक्षण की हुई सूक्ष्म जांच

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अंतिम जैन ने कहा कि एक ही स्थान पर एक साथ लाखों पौधे लगाना और दो वर्षों तक उनका संरक्षण कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह कार्य मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगर निगम तथा इंदौरवासियों के सामूहिक प्रयास से संभव हुआ है।

उन्होंने बताया कि विश्व कीर्तिमान के लिए विशेष रूप से यह सूक्ष्मता से जांच की गई कि वर्ष 2024 में रेवती रेंज पर रोपे गए पौधों में से कितने पौधे सुरक्षित एवं जीवित हैं। गणना और सत्यापन की प्रक्रिया के बाद रेवती रेंज पर 13 लाख 10 हजार 12 वृक्ष होने की पुष्टि की गई।

इंदौर देश को देगा हरित क्रांति का संदेश

इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि 9 अगस्त का दिन भारत के स्वतंत्रता संग्राम में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन भारत छोड़ो आंदोलन का आगाज हुआ था। उन्होंने इस अवसर पर सभी क्रांतिकारियों को नमन किया।

उन्होंने कहा कि पेड़ साक्षात शिव के समान हैं। वे विष रूपी कार्बन डाइऑक्साइड को ग्रहण करते हैं और ऑक्सीजन रूपी अमृत प्रदान करते हैं। इसलिए जब हम एक पेड़ लगाते हैं, तो मानो एक शिव मंदिर का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि इंदौरवासियों ने रेवती रेंज पर 12 लाख 41 हजार से अधिक पौधे लगाकर लाखों शिवालयों के निर्माण का पुण्य कार्य किया है। उन्होंने सभी इंदौरवासियों का अभिनंदन किया।

उन्होंने कहा कि एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम द्वारा 7 अगस्त से रेवती रेंज पर वृक्षों की गणना की जा रही थी। उन्होंने कहा कि हमने टीम से कहा था कि संख्या कम हो तो हमें बता देना और अधिक हो तो प्रमाण-पत्र देना। उन्होंने कहा कि इन पौधों को वृक्ष बनाने में नगर निगम और विशेष रूप से जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि इंदौरवासियों ने मिलकर शहर को क्लीन बनाया है और अब इसे ग्रीन बनाने का संकल्प लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “एक पेड़ माँ के नाम” का संकल्प लिया है और इंदौरवासियों ने इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का दृढ़ निश्चय किया है। इस वर्ष इंदौर में 21 लाख पौधों के रोपण का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण का अभियान प्रत्येक रविवार को जारी रहेगा।

मंत्री विजयवर्गीय ने नागरिकों से अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि रेवती रेंज पर पौधा भी उपलब्ध रहेगा और पौधारोपण के लिए गड्ढा भी पहले से तैयार मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों ने क्रांति का झंडा थामकर देश को आजाद कराया था। आज हमें भी संकल्प लेना है कि समाज के दुश्मन प्रदूषण को समाप्त करने के लिए वृक्ष लगाकर इंदौर में एक नई क्रांति पैदा करेंगे और देशभर में हरित क्रांति का संदेश देंगे।

पर्यावरण संरक्षण हमारी संस्कृति का हिस्सा

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वृक्षारोपण के संकल्प को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रेवती रेंज पर पूर्ण करने का कार्य किया है। पर्यावरण संरक्षण हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि माँ अहिल्या की नगरी इंदौर क्लीन भी है और ग्रीन भी है।

ग्रीन एरिया को 9 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का संकल्प

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह इंदौर का सौभाग्य है कि देश में क्लीन सिटी के रूप में पहचान बनाने वाले शहर को अब ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए शहर के ग्रीन एरिया को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस दिशा में पहले वर्ष एक लाख, दूसरे वर्ष 5 लाख, तीसरे वर्ष 51 लाख, चौथे वर्ष 13 लाख और पांचवें वर्ष 21 लाख वृक्षारोपण के संकल्प के साथ अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। भार्गव ने कहा कि युवा का विलोम वायु होता है और वायु का संबंध हनुमान जी से है। उन्हें विश्वास है कि युवा अपनी शक्ति और ऊर्जा के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान को जन-आंदोलन बनाएंगे तथा दुनिया को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई राह दिखाएंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायकगण मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, स्कूलों एवं महाविद्यालयों के 12 हजार से अधिक नागरिकों ने वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0