
इंफाल, 09 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े पांच सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों पर जबरन वसूली और संगठन के लिए कैडरों की भर्ती समेत अन्य गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
मणिपुर पुलिस ने रविवार काे बताया कि मोरेंग थाना क्षेत्र के नंगखलावाई इलाके में अभियान चलाकर बिष्णुपुर के सीडीओ ने केसीपी (नोंगद्रेंखोंबा) के दो कैडरों को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान थांगा नगराम के रहने वाले और वर्तमान में नंगखलावाई मणिंग लीकाई में रह रहे अखोम प्रेमकुमार सिंह उर्फ मुबी (55) तथा इंफाल पश्चिम जिले के लैंगोल निंगथौ लीकाई निवासी निंगथौजम जितेन सिंह (46) के रूप में हुई है।
शनिवार को मणिपुर पुलिस ने बिष्णुपुर जिले के मोरेंग थाना क्षेत्र के थामनापोकपी माखा लीकाई, वार्ड नंबर-5 निवासी केवाईकेएल कैडर ख्वैराकपम रॉजित सिंह उर्फ चिंगसांगलाकपा (21) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह प्रतिबंधित संगठन के लिए कैडरों की भर्ती में शामिल था। जिले के नंबोल थाना क्षेत्र के नोरेम मायाई लीकाई निवासी केवाईकेएल के सक्रिय कैडर नोरेम प्रियोकुमार सिंह उर्फ नाओबा (37) को भी सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया। उस पर जबरन वसूली में सक्रिय रूप से शामिल होने का आरोप है।
लामसांग थाना क्षेत्र के लामदेंग खुनौ इलाके में शनिवार को चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने केसीपी (अपुनबा) के सक्रिय कैडर कोंसाम बॉबॉय सिंह उर्फ बॉय (39) को गिरफ्तार किया। वह इंफाल पश्चिम जिले के लैरेनसाजिक मायाई लीकाई का निवासी है।
इससे पहले सुरक्षा बलों ने क्वाकेत्थेल मायाइकोइबी इलाके में तलाशी अभियान के दौरान आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर खांगेंबम सुभाष सिंह उर्फ थानिल (54) को गिरफ्तार किया था। वह बिष्णुपुर जिले के इरेंगबाम माखा लीकाई का निवासी है और उस पर जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश