नेतन्याहू का दो टूक बयान- ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे

युगवार्ता    09-Aug-2026
Total Views |

यरुशलम, 09 अगस्त (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि उनका देश ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और अरब देशों के साथ कूटनीतिक बातचीत का परिणाम चाहे जो भी हो, ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कैबिनेट बैठक के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि वह एक बार फिर यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि समझौता हो या समझौता न हो, जब तक वह प्रधानमंत्री हैं, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे।

नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान को लेकर इजराइल और अमेरिका के बीच सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। दोनों देशों ने ईरान के खिलाफ अपने अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में उसे परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना बताया है।

ईरान लगातार इस आरोप से इनकार करता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम हथियार विकसित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। तेहरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।

नेतन्याहू का ताजा बयान ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर इजराइल के रुख की कठोरता को दर्शाता है और संकेत देता है कि कूटनीतिक बातचीत के बावजूद तेल अवीव इस मुद्दे पर अपने सुरक्षा हितों से पीछे हटने के लिए तैयार नहीं है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags