
नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की प्रमुख परियोजनाओं और कंपनी के कार्ययोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने देश में कोकिंग कोल की बढ़ती मांग को देखते हुए बीसीसीएल को उपलब्ध संसाधनों का वैज्ञानिक और अधिकतम उपयोग कर उत्पादन क्षमता बढ़ाने का निर्देश दिया। कपूर दो दिवसीय झारखंड के धनबाद दौरे पर हैं।
कोयला मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने 31 अगस्त से 1 सितंबर तक धनबाद की अपनी दो दिवसीय दौरे के पहले दिन भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के मुख्यालय कोयला भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस समीक्षा बैठक में बीसीसीएल की प्रमुख परिचालन गतिविधियों, महत्वपूर्ण परियोजनाओं, तकनीकी पहलों, सुरक्षा उपायों और भविष्य की कार्य योजनाओं पर चर्चा की गई।
मंत्रालय के मुताबिक कपूर ने उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मूनिडीह स्थित बीसीसीएल की प्रमुख परियोजनाओं और कुसुंडा क्षेत्र में स्थित ईएनए फायर प्रोजेक्ट का भी दौरा किया और उच्च जोखिम क्षेत्रों में परिवारों से बातचीत की। इस बैठक में बीसीसीएल द्वारा वर्तमान में उपयोग की जा रही खनन प्रौद्योगिकियों की समीक्षा की गई, जिनमें लॉन्गवॉल माइनिंग और हाईवॉल माइनिंग शामिल हैं, साथ ही सरफेस माइनर्स और कंटीन्यूअस माइनर्स जैसी उन्नत प्रौद्योगिकियों के उपयोग को बढ़ाने की योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
कोयला मंत्रालय के मुताबिक इस समीक्षा बैठक में कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम, बीसीसीएल के मुख्य प्रबंधक मनोज कुमार अग्रवाल, वस्त्र मंत्रालय की संयुक्त सचिव अलकनंदा दयाल, कोयला मंत्रालय के परियोजना सलाहकार आलोक कुमार सिंह, मानव संसाधन निदेशक मुरली कृष्ण रामैया, तकनीकी/संचालन निदेशक संजय कुमार सिंह, वित्त निदेशक राजेश कुमार और तकनीकी/परियोजना एवं योजना निदेशक राजीव कुमार सिन्हा, साथ ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुख्यालय के महाप्रबंधक/विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर