यूरोजोन में महंगाई बढ़कर 3.3% पर पहुंची, सितंबर 2023 के बाद सबसे ऊंचा स्तर

01 Sep 2026 18:57:54

मॉस्को, 01 सितंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। यूरोपीय संघ के सांख्यिकी कार्यालय यूरोस्टेट के मंगलवार को जारी शुरुआती अनुमानों के अनुसार, यूरोजोन में सालाना महंगाई दर अगस्त में बढ़कर 3.3 प्रतिशत हो गई। जुलाई में यह दर 2.9 प्रतिशत थी। अगस्त का यह स्तर सितंबर 2023 के बाद सबसे अधिक है, जब यूरोजोन में महंगाई दर 4.3 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

यूरोस्टेट के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त की 3.3 प्रतिशत महंगाई दर 'ट्रेडिंग इकोनॉमिक्स' के सर्वे में शामिल विश्लेषकों के अनुमान के अनुरूप रही। वहीं, अगस्त 2025 में यूरोजोन की सालाना महंगाई दर 2 प्रतिशत थी। अगस्त में ऊर्जा कीमतों में सालाना बढ़ोतरी जुलाई के 10.3 प्रतिशत से बढ़कर 14.3 प्रतिशत हो गई। इसे महंगाई बढ़ने की प्रमुख वजहों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, कोर महंगाई दर में मामूली गिरावट दर्ज की गई। यूरोजोन में कोर सालाना महंगाई जुलाई के 2.5 प्रतिशत से घटकर अगस्त में 2.4 प्रतिशत रही।

सेवाओं की कीमतों में सालाना बढ़ोतरी भी जुलाई के 3.3 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत हो गई। वहीं, खाद्य पदार्थों, शराब और तंबाकू की कीमतों में बढ़ोतरी 1.2 प्रतिशत पर स्थिर रही। यूरोजोन के विभिन्न देशों में महंगाई दर में काफी अंतर देखने को मिला। सबसे अधिक सालाना महंगाई दर लिथुआनिया में 5.8 प्रतिशत, साइप्रस में 5.2 प्रतिशत, बुल्गारिया में 5.1 प्रतिशत और स्पेन में 3.8 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, सबसे कम महंगाई दर एस्टोनिया में 1.3 प्रतिशत, माल्टा में 1.9 प्रतिशत और फिनलैंड में 2.4 प्रतिशत रही। यूरोस्टैट के अनुसार, यूरोजोन में जुलाई की बेरोजगारी दर 6.4 प्रतिशत पर बनी रही। यह जून के संशोधित आंकड़े के बराबर है।

'ट्रेडिंग इकोनॉमिक्स' के विश्लेषकों को उम्मीद थी कि बेरोजगारी दर जून के शुरुआती अनुमान 6.3 प्रतिशत के स्तर पर बनी रहेगी। हालांकि, संशोधित आंकड़ों के अनुसार जून की बेरोजगारी दर 6.4 प्रतिशत रही थी।

उल्लेखनीय है कि यूरोजोन, यूरोपीय संघ के उन सदस्य देशों का एक समूह है जिन्होंने यूरो को अपनी आधिकारिक और एकमात्र राष्ट्रीय मुद्रा के रूप में अपनाया हुआ है। यूरोजोन में वर्तमान में 21 देश शामिल हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0