राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी

01 Sep 2026 20:55:53
फाइल फोट


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। पात्र छात्र राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को हर साल 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है, ताकि वे कक्षा आठ के बाद पढ़ाई न छोड़ें और कक्षा 12 तक अपनी शिक्षा पूरी कर सकें। हर साल कक्षा 9 के छात्रों के लिए एक लाख नई छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं।

छात्रवृत्ति के लिए परिवार की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। कक्षा 7 में कम से कम 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जन जजातीय छात्रों को 5 प्रतिशत की छूट दी गई है। योजना का लाभ राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकायों के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को मिलता है।

31 अगस्त 2026 तक 79,398 नए और 1,87,208 नवीनीकरण आवेदन जमा किए जा चुके हैं। मंत्रालय ने छात्रों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन पूरा करने और पहले से जमा आवेदनों का संबंधित अधिकारियों से सत्यापन सुनिश्चित करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0