मद्रास रेजिमेंट परिसर के सुरक्षित स्टोर रूम से हथियार गायब

01 Sep 2026 19:57:53

हैदराबाद, 01 सितंबर (हि.स.)। बोल्लारम के छावनी (केंटोनमेंट) क्षेत्र में स्थित मद्रास रेजिमेंट परिसर के एक सुरक्षित स्टोर रूम से सर्विस हथियार गायब पाए जाने के बाद सुरक्षा में एक बड़ी चूक सामने आई है। इसका खुलासा तब हुआ जब सेना के जवानों ने शस्त्रागार का निरीक्षण किया और उसका ताला व दरवाजा टूटा हुआ पाया। इसके बाद, सोमवार को बोल्लारम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

रक्षा प्रतिष्ठान की संवेदनशील प्रकृति का हवाला देते हुए स्थानीय पुलिस ने जांच से जुड़े कई पहलुओं को गोपनीय रखा है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गायब हथियारों में चार एके-47 राइफलें, छह पिस्तौल, एक इंसास राइफल और गोला-बारूद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कुल 12 हथियार गायब हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

ये हथियार मद्रास रेजिमेंट परिसर के एक प्रतिबंधित क्षेत्र में रखे गए थे, जहां केवल अधिकृत कर्मियों को ही जाने की अनुमति होती है इसलिए, संदिग्ध किस परिस्थिति में स्टोर रूम तक पहुंचे और हथियारों को वहां से निकाला, यह जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0