
फाजिल्का, 01 सितंबर (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा के पास फाजिल्का के गांव नूरशाह के नजदीक पुल से गिरकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) लख्खा सिंह की मौत हो गई। बीएसएफ की 19वीं बटालियन में तैनात एएसआई ड्रेन के पुल पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे।
बीएसएफ के अनुसार ड्रेन के पुल पर नाकाबंदी के दौरान आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मोगा जिले के निवासी एएसआई लख्खा सिंह एक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ले रहे थे। पुल के एक तरफ रेलिंग नहीं होने के कारण जांच के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद बीएसएफ के जवानों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। गांव निवासी जागीर सिंह और अन्य लोगों के मुताबिक ड्रेन के इस पुल के एक तरफ लंबे समय से रेलिंग नहीं है। इसके चलते यहां लगातार हादसे का खतरा बना रहता है।
सरकारी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मामले की सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है। डॉक्टर के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH