
नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। ओडिशा के गंजाम और गजपति जिलों से यहां आए लोक कलाकारों ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति ने व्यक्तिगत और सामाजिक प्रगति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कलाकारों से युवा पीढ़ी को शिक्षा हासिल करने और आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के साथ-साथ समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कलाकारों से आग्रह किया कि वे युवा पीढ़ी को शिक्षा प्राप्त करने और प्रासंगिक कौशल हासिल करने के लिए प्रेरित एवं सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि आधुनिक विकास और प्रगति को अपनाने के साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुड़े रहना भी जरूरी है। राष्ट्रपति ने कलाकारों से आधुनिकता और अपनी सांस्कृतिक जड़ों के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलाकारों ने राष्ट्रपति को पारंपरिक कलाकृति भेंट की। राष्ट्रपति ने कलाकारों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके पारंपरिक परिधानों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रुचि दिखाई। राष्ट्रपति भवन में कलाकारों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार