
न्यूयॉर्क, 01 सितंबर (हि.स.)। गत चैंपियन कार्लोस अल्कराज ने लंबे समय बाद प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी करते हुए यूएस ओपन के दूसरे दौर में जगह बना ली। स्पेन के अल्कराज ने सोमवार को पहले दौर में रूस के रोमन साफिलिन को लगातार तीन सेटों में 6-4, 6-4, 6-4 से हराया।
अल्कराज अप्रैल में कलाई की चोट के बाद पहली बार एकल मुकाबले में कोर्ट पर उतरे थे। पांच महीने तक प्रतिस्पर्धी मुकाबले से दूर रहने के बावजूद उन्होंने शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा और साफिलिन को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया।
मैच के बाद अल्कराज ने कहा, “मेरे लिए ये पांच महीने काफी मुश्किल रहे। मुझे इसकी कमी महसूस हुई। मुझे दर्शकों, माहौल, ऊर्जा और प्रतियोगिता की कमी महसूस हुई। मुझे हर चीज की कमी महसूस हुई।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं बेहद खुश हूं कि दोबारा प्रतिस्पर्धा करने में सफल रहा। मुझे यकीन है कि आने वाले मुकाबलों में मेरे टेनिस का स्तर और बेहतर होगा। पहले मैच में अपने प्रदर्शन से मैं काफी खुश हूं।”
जैनिक सिनर के चोटिल होने और नोवाक जोकोविच के पहले दौर में बाहर होने के बाद अल्कराज के खिताब बचाने की संभावनाएं और मजबूत मानी जा रही हैं। दूसरे दौर में उनका सामना पुर्तगाल के जैमे फारिया से होगा।
त्सित्सिपास ने शीर्ष-10 खिलाड़ी आर्थर फिल्स को हराया
सोमवार को एक और शीर्ष-10 खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गया। सिनसिनाटी ओपन का खिताब जीतकर यूएस ओपन पहुंचे आर्थर फिल्स को ग्रीस के स्टेफानोस त्सित्सिपास ने 4-6, 7-6(3), 6-1, 6-4 से शिकस्त दी।
इस बार फ्लशिंग मेडोज में गैरवरीय त्सित्सिपास ने जीत के बाद भरोसा जताया कि वह फिर से विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान तक पहुंच सकते हैं। वह पहले दो ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे