
न्यूयॉर्क, 01 सितंबर (हि.स.)। तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्विट्जरलैंड के स्टेन वावरिंका का शानदार ग्रैंड स्लैम करियर यूएस ओपन 2026 के पहले दौर में हार के साथ समाप्त हो गया। 2016 के यूएस ओपन चैंपियन वावरिंका को इटली के माटेओ बेरेटिनी ने 7-6(4), 7-6(3), 6-0 से हराया।
38 वर्षीय वावरिंका ने पहले दो सेट में अपने से कम उम्र के बेरेटिनी को कड़ी चुनौती दी। दोनों सेट टाईब्रेक तक पहुंचे, लेकिन बेरेटिनी ने अहम मौकों पर संयम बनाए रखा और दोनों टाईब्रेक जीतकर मुकाबले में 2-0 की बढ़त बना ली।
पहले सेट में वावरिंका एक समय पीछे चल रहे थे, लेकिन बेरेटिनी के सेट के लिए सर्विस करने के दौरान उन्होंने शानदार वापसी की और उनकी सर्विस शून्य पर तोड़कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद वावरिंका को सेट प्वाइंट भी मिला, लेकिन बेरेटिनी ने लगातार चार ड्यूस के बाद गेम बचाया और टाईब्रेक में तीन लगातार अंक हासिल कर पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में बारिश के कारण थोड़ी देर खेल रुका। वापसी के बाद वावरिंका ने बेरेटिनी की सर्विस तोड़कर बढ़त बनाई, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके। स्विस खिलाड़ी को कुल सात ब्रेक प्वाइंट मिले, जिनमें तीन सेट प्वाइंट थे, लेकिन बेरेटिनी ने सभी महत्वपूर्ण मौकों पर वापसी करते हुए दूसरा टाईब्रेक भी जीत लिया।
तीसरे सेट में बेरेटिनी ने पूरी तरह दबदबा बना लिया और लगातार तीन बार वावरिंका की सर्विस तोड़ते हुए सेट 6-0 से जीत लिया। इसके साथ ही वावरिंका के शानदार ग्रैंड स्लैम करियर पर पर्दा गिर गया।
न्यूयॉर्क में वावरिंका की मौजूदगी इस बार खास रही। तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन को शुरुआत में वाइल्ड कार्ड के लिए आवेदन करने के बावजूद एकल मुख्य ड्रॉ में जगह नहीं मिली थी। इस फैसले पर प्रशंसकों ने नाराजगी जताई, जिसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी पैट्रिक किप्सन के चोट के कारण हटने पर वावरिंका को मुख्य ड्रॉ में शामिल किया गया।
2019 में यूएस ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंच चुके बेरेटिनी का दूसरे दौर में सामना अर्जेंटीना के मारियान नावेने से होगा। नावेने ने रविवार को बड़ा उलटफेर करते हुए चौथी वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच को पांच सेट में हराया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे