ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के चलते राष्ट्रपति भवन, संग्रहालय और अमृत उद्यान 11 से 13 सितंबर तक बंद

10 Sep 2026 17:01:53
राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में  ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान में आम लोगों का प्रवेश 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में शनिवार, 12 सितंबर को होने वाला ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह भी आयोजित नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान में 11 से 13 सितंबर तक सार्वजनिक भ्रमण बंद रहेगा। इस अवधि में ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह भी नहीं होगा।

18वां ब्रिक्स नेताओं का शिखर सम्मेलन और बिजनेस फोरम 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में हो रहा है। सम्मेलन में करीब 30 देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना के मद्देनजर राजधानी में व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाएं की गई हैं। इसी के तहत राष्ट्रपति भवन समेत महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों में आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए राजधानी में केंद्र और दिल्ली सरकार के कार्यालय 11 सितंबर को बंद रहेंगे। इसके अलावा स्कूलों और अदालतों में भी अवकाश रखा गया है। सम्मेलन के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को कम-से-कम असुविधा हो, इसके लिए दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में यातायात संबंधी प्रतिबंध और विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के मद्देनजर नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से भी इन दिनों अनावश्यक यात्रा से बचने और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0