चीन के किंगदाओ में मालवाहक जहाज में आग लगने से 20 की मौत

10 Sep 2026 18:18:53
चीन के किंगदाओ में कार्गो जहाज में लगी आग के बाद उठता धुंआ


किंगदाओ, 10 सितंबर (हि.स.)। चीन के किंगदाओ शहर में गुरुवार को मरम्मत के लिए खड़े एक विदेशी मालवाहक जहाज में अचानक आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग लापता हैं। आग के वक्त जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू

तथा चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, जहाज में आग दिन में करीब 11:15 बजे लगी। हादसे के वक्त जहाज पर कुल 42 लोग सवार थे। स्थानीय अग्निशमन और बचाव विभाग के अनुसार, राहत एवं बचाव दल ने 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, पांच घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आग पर करीब दोपहर 2:30 बजे काबू पा लिया गया। इसके बाद भी जहाज के अंदर फंसे लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान जारी रखा गया। शाम करीब 5:30 बजे तक शुरुआती तौर पर लापता बताए गए 25 लोगों में से 20 लोगों का पता लगा लिया गया।

हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन प्रबंधन, अग्निशमन एवं बचाव, पुलिस और चिकित्सा विभाग की टीमें मौके पर भेजी गईं। अधिकारियों ने लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया है और घटनास्थल पर जरूरी संसाधन जुटाए गए हैं। चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने भी घटनास्थल पर एक विशेष टीम भेजी है।

हादसे पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चिंता जताते हुए लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं सहायता कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और हादसे के कारणों की तत्काल जांच करने को कहा। शी ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों से इस घटना से गंभीर सबक लेने और आग से जुड़े संभावित खतरों की व्यापक जांच कर उन्हें दूर करने का आह्वान किया।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0