नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल कर्मचारियों, विशेष रूप से लोको पायलट और ट्रेन मैनेजरों की सुविधा एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर 80 बेड क्षमता वाले नए रनिंग रूम के निर्माण को मंजूरी दी है। इसके साथ ही एकीकृत क्रू लॉबी के निर्माण का भी प्रस्ताव है।
जम्मू तवी स्टेशन पर वर्तमान रनिंग रूम पुराना होने के कारण कर्मचारियों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही थी। ट्रेनों की संख्या और रनिंग स्टाफ की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक रनिंग रूम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने नई परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।
प्रस्तावित रनिंग रूम में कर्मचारियों के लिए आरामदायक ठहरने की व्यवस्था के साथ वातानुकूलित कमरे, स्वच्छ शौचालय, गुणवत्तापूर्ण भोजन और शांत वातावरण जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसका उद्देश्य ड्यूटी के बाद रनिंग स्टाफ को पर्याप्त विश्राम उपलब्ध कराना है, ताकि वे अगली ड्यूटी के लिए पूरी तरह तरोताजा होकर तैयार हो सकें।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रनिंग स्टाफ को पर्याप्त विश्राम उपलब्ध कराना सुरक्षित रेल संचालन के लिए महत्वपूर्ण है। अच्छी तरह विश्राम किया हुआ लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर अधिक सतर्कता एवं कार्यकुशलता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकता है।
जम्मू मंडल की ओर से इस परियोजना को फ्रंटलाइन रेल कर्मचारियों के कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी