
हैदराबाद, 10 सितंबर (हि.स.)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव, पार्टी नेता हरीश राव और अन्य विधायकों के साथ गुरुवार को हैदराबाद से सटे महेश्वरम के तुक्कुगुड़ा पहुंचे, ताकि टेसरेक्त (Tesseract) कंपनी को आवंटित की गई सरकारी जमीन का निरीक्षण कर सकें। इस कंपनी का संबंध कथित तौर पर कोंडल रेड्डी से बताया जा रहा है। कोंडल रेड्डी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के भाई हैं।
बीआरएस ने आरोप लगाया कि करीब 200 करोड़ रुपये की जमीन 'टेसरेक्त' को मात्र 7 करोड़ रुपये में आवंटित कर दी गई । मुख्यमंत्री पर अपने परिवार के सदस्यों को फायदा पहुंचाने के लिए यह आवंटन कराने का आरोप लगाया। केटीआर ने रेवंत रेड्डी की दिन में 18 घंटे काम करने वाली टिप्पणी को याद दिलाते हुए सवाल किया कि वे इन सभी घंटों में किसके फायदे के लिए काम कर रहे हैं।
केटीआर ने पूछा है कि अगर तेलंगाना का कोई युवा आज सिर्फ 1 लाख रुपये की पूंजी के साथ कोई कंपनी शुरू करे तो क्या आप उसे 200 करोड़ रुपये की जमीन आवंटित करेंगे? उन्होंने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी इजराइल के साथ सौदों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हैं, वहीं रेवंत रेड्डी अपने भाई को एयरोस्पेस और डिफेंस वेंचर स्थापित करने के लिए एक इजराइली इनोवेशन कंपनी के साथ साझेदारी करने की इजाजत दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj