
नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। शिया इस्माइली मुसलमानों के 50वें इमाम और आगा खान विकास नेटवर्क (एकेडीएन) के अध्यक्ष प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने मुलाकात के दौरान उनके दिवंगत पिता और 49वें इमाम आगा खान चतुर्थ के विकास कार्यों में योगदान को भी स्नेहपूर्वक याद किया। प्रिंस रहीम आगा खान पंचम की यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान दिवंगत आगा खान चतुर्थ और विकास प्रयासों में उनके स्थायी योगदान को याद किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आगा खान विकास नेटवर्क के बीच साझेदारी को स्वास्थ्य सेवा, कृषि, ग्रामीण विकास, युवाओं के सशक्तीकरण और महिलाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्रों में और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई।
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मुलाकात की। जयशंकर ने एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने आगा खान विकास नेटवर्क की सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रभावशाली कार्यों पर चर्चा की। साथ ही भारत और विदेशों में इन क्षेत्रों में सहयोग के लिए आगे की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उल्लेखनीय है कि आगा खान विकास नेटवर्क भारत में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, संस्कृति और अन्य सामाजिक विकास क्षेत्रों में लंबे समय से काम कर रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार