मुंबई, 10 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकड गांव के पास सीताखंडी इलाके में गुरुवार शाम एक ट्रक और टाटा मैजिक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वाहनों में सवार छह लोगों की मौत हो गई जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को भोकर और नांदेड़ के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर होने के चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इस घटना की छानबीन नांदेड़ ग्रामीण पुलिस की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज शाम एक ट्रक भोकर से नांदेड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा मैजिक वाहन ट्रक से टकरा गया। इस घटना में टाटा मैजिक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टाटा मैजिक में कुल 15 यात्री सवार थे। इस घटना में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
टक्कर के कारण ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक ड्राइवर केबिन में फंस गया है, जिसे बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना की गहन छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव