
काठमांडू, 10 सितंबर (हि.स.)। विपक्षी दलों ने आपदा प्रबंधन, राहत, बचाव, खोज और पुनर्स्थापना के काम को प्रभावी बनाने के लिए संसदीय विशेष समिति गठन को लेकर सरकार का ध्यानाकर्षण कराने का निर्णय लिया है।
एमाले संसदीय दल की उपनेता पद्मा अर्याल ने बताया कि कांग्रेस संसदीय दल के कार्यालय सिंहदरबार में गुरुवार को हुई विपक्षी दलों की बैठक में सरकारी राहत और बचाव कार्यों की निगरानी एवं निरीक्षण करने, आवश्यक सुझाव देने तथा संसदीय स्तर से जरूरी सहयोग और समन्वय के लिए विशेष समिति गठन की मांग करने का फैसला किया गया। यह जानकारी दी। अर्याल ने कहा कि सरकार ने अब तक ऐसी समिति का गठन नहीं किया है। इसलिए विपक्षी दल संसद में मजबूती से आवाज उठाने के साथ ही सरकार का लगातार ध्यानाकर्षण कराएंगे।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में सरकार की मदद करने, राहत, बचाव, खोज और पुनर्स्थापना के काम की निगरानी और निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुझाव देने के लिए विपक्षी दलों ने संसदीय विशेष समिति की मांग की थी। बैठक में अब तक खोज और बचाव कार्यों में जुटी विभिन्न एजेंसियों और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया गया। हालांकि, बैठक ने निष्कर्ष निकाला कि आपदा से पहले की तैयारी और शुरुआती चरण में पर्याप्त सलाह-मशविरा और समन्वय नहीं होने के कारण कुछ कमियां सामने आईं।
अर्याल ने कहा कि लोगों का धैर्य टूटने से पहले सरकार को अस्थायी पुनर्स्थापना का काम तत्काल तेज गति से आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा की इस घड़ी में विपक्षी दल साझा प्रतिबद्धता के साथ दलगत राजनीतिक स्वार्थ और एजेंडे को पूरी तरह अलग रखकर सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास