अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 और एशियाई खेलों के लिए यश ठाकुर भारतीय टीम में शामिल, चोटिल हर्षित राणा बाहर

10 Sep 2026 14:42:53
यश ठाकुर


नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज और आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। यश ने चोटिल हर्षित राणा की जगह ली है। अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी।

27 वर्षीय यश ठाकुर का यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज होगा। उन्होंने जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने दो मैचों में चार विकेट हासिल किए थे। यश को पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में जगह मिली थी। उन्होंने सात मैचों में 18 विकेट लिए थे। इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर दो मैचों में चार विकेट लेने के साथ उनका इकॉनमी रेट 9.37 रहा था।

तेज गेंदबाज यश ठाकुर बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन के दौरान अच्छी प्रगति कर रहे थे। हालांकि, 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय उनकी रेक्टस फेमोरिस मांसपेशी में खिंचाव आ गया, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। यश ने अब तक 50 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 81 विकेट हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 7.04 रहा है।

अफगानिस्तान टी-20 और एशियाई खेलों के लिए अपडेट की गई भारतीय टीम में नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह को भी फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद शामिल किया गया है। भारत एशियाई खेलों से पहले जापान के खिलाफ एक ऐतिहासिक एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेलेगा।

अफगानिस्तान टी-20 और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0